विपक्ष का २8 को भारत बंद का आह्वान, लेकिन यहां के व्यापारी नहीं करेंगे बंद

अर्थन्यूज नेटवर्क

देश में नोटबंदी को लेकर विपक्ष पूरे देश में विरोध कर रहा है। इसी सिलसिले में विपक्ष ने २8 नवम्बर को भारत बंद का आह्वान किया है। इसको लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से भारत बंद के विरोध की भी बातें सामने आ रही है। इधर, 28 नवंबर को हिमाचल प्रदेश में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले रहेंगे। शनिवार को सभी जिलों के व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने बैठक कर भारत बंद का समर्थन नहीं करने का फैसला लिया है।

हिमाचल व्यापार मंडल को भी इस बाबत सूचित कर दिया गया है। यहां के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार को सामान्य दिनों की तरह प्रदेश में दुकानें खुली रहेंगी। उधर, भारत बंद के समर्थन में सोमवार को हिमाचल में कुछ जगह चक्का-जाम और प्रदर्शन हो सकते हैं। कम्यूनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी, आम आदमी पार्टी प्रदर्शन करने की तैयारियों में है। हिमाचल प्रदेश व्यापार मंडल ने फिलहाल बंद का समर्थन नहीं किया है। पदाधिकारियों ने बताया कि अहम बैठक 27 नवंबर को रखी गई है, जिसमें सर्वसहमति से उचित निर्णय लिया जाएगा।

शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने भारत बंद के तहत शहर में दुकानें बंद नहीं करने की बात कही है। सोलन के कारोबारी भी 28 नवंबर को भारत बंद में शामिल नहीं हो रहे हैं। व्यापार मंडल सोलन के पदाधिकारियों के कहा कि सोमवार को सोलन में दुकानें रोज की तरह खुली रहेंगी। अर्की के व्यापार मंडल प्रधान अनुज गुप्ता ने बताया कि उन्हें बंद के बारे में कोई जानकारी नहीं है। सुबाथू व्यापार मंडल के प्रधान ने भी बंद में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया है। कुल्लू व्यापार मंडल भी भारत बंद में शामिल नहीं होगा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष राकेश कोहली ने कहा कि उन्हें बंद को लेकर कोई आदेश नहीं मिले हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Page generated in 1.114 seconds. Stats plugin by www.blog.ca