जालोर महोत्सव : एक पहल जिसने बनाई जिले की पहचान, संस्कृति व परम्पराओं से रूबरू हुआ देश-विदेश

जालोर @ अर्थ न्यूज नेटवर्क


जालोर की संस्कृति, वैभव, गौरवशाली इतिहास एवं परम्पराओं को जन-जन तक पहुंचाने के मकसद से पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन एवं जालोर विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में 15 से 17 फरवरी तक जालोर महोत्सव 2017 का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के तहत विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों, कला व खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही इसके तहत जिले की कला व कलाकारों को भी मंच प्रदान किया जाएगा। फिलहाल, कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में है। वहीं जिले के सभी उपखंड मुख्यालयों पर भी महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।

 
सांस्कृतिक गतिविधियां प्रभारी परमानंद भट्ट ने बताया कि जालोर महोत्सव के तहत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के ऑडिशन रामावि राजेन्द्र नगर जालोर में लिए गए। ऑडिशन के बाद निर्णायक मण्डल के सदस्य कार्यक्रम संयोजक डॉ.एम.एल. जांगिड़ व पदमा नागर तथा सांस्कृतिक गतिविधि समन्वयक परमानंद भट्ट द्वारा प्रतिभागियों का चयन किया गया। चयनित प्रतिभागियों की अंतिम सूची रामावि राजेन्द्र नगर जालोर एवं जिला सूचना एवं जनसम्पर्क अधिकारी कार्यालय जालोर के नोटिस बोर्ड पर चस्पा की गई। एकल सीनियर गायन प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागी, एकल गायन जूनियर में 15 एवं समूह गान प्रतियोगिता में 9 प्रतिभागी सुरीली आवाज में अपनी प्रतिभा प्रस्तुत करेंगे। वहीं सीनियर एकल नृत्य प्रतियोगिता में 25 प्रतिभागी, एकल जूनियर नृत्य प्रतियोगिता में 26 एवं समूह नृत्य में 15 प्रतिभागी हिन्दी, राजस्थानी, गुजराती, भोजपुरी, हिप पॉप, अंग्रेजी गानों की धुन पर मंच पर अपना नृत्य का जलवा बिखरेंगे। काव्य पाठ में 11 प्रतिभागी, टेलेंट हंट प्रतियोगिता में 17, आशुभाषण में 10 प्रतिभागी, मिस जालोर में 18 एवं मिस्टर जालोर 15 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा दर्शको के समक्ष प्रस्तुत करेंगे।

 

महोत्सव में तीन दिन रहेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

जालोर महोत्सव में 15 से 17 फरवरी तक तीन दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत 15 फरवरी को जालोर महोत्सव के उद्घाटन के बाद प्रात: 11 बजे स्लोगन प्रतियोगिता राजेन्द्र काबावत के निर्देशन में होगी। वहीं दोपहर 12 बजे एकल नृत्य प्रतियोगिता स्टेडियम ग्राउण्ड स्थित नटराज मंच पर सुनीता शर्मा के निर्देशन में होगी। दोपहर 2.30 बजे महेन्दी प्रतियोगिता प्रभारी इन्दु वषिष्ठ एवं सुषमा चौबे के निर्देशन में बहुउद्देषीय हॉल में एवं दोपहर 2.30 बजे समूह गान प्रतियोगिता नटराज मंच पर राजेन्द्र परमार के निर्देशन में होगी। वहीं शाम 4.30 बजे आशुभाषण प्रतियोगिता प्रभारी प्रमोद वैष्णव एवं समूह नृत्य प्रतियोगिता शाम 4 बजे रजनी पोमल के निर्देशन में आयोजित होगी। शाम 5.30 बजे काव्य पाठ प्रतियोगिता के प्रभारी सुरेश नागर के निर्देशन में होगी।

 

 

महोत्सव के दूसरे दिन 16 फरवरी को प्रात: 10 बजे फैन्सी डे्रस प्रभारी डिम्पल वैष्णव, चित्रकला प्रतियोगिता प्रात: 10.30 बजे प्रभारी अनिषा सिलावट, एकल गायन जूनियर प्रतियोगिता प्रात: 11.30 बजे प्रभारी निशा एम. कृट्टी, रंगोली प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे कुसुम बंसल, टेलेन्ट हंट प्रतियोगिता दोपहर 2 बजे रश्मि अरूण, मिस्टर जालोर शाम 5 बजे प्रभारी मांगीलाल, मिस जालोर प्रतियेागिता प्रात: 5.30 बजे प्रभारी सपना माहेश्वरी के निर्देशन में आयोजित होगी। वहीं 16 फरवरी को शाम 4.30 बजे नासिक के नासीर द्वारा हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को रोमाचिंत करेंगे। जिसमें ट्रक को बालों से खींचना व साइकिल को बालों से घुमाने जैसे कारनामे प्रभारी मुकेश राजपुरोहित के निर्देशन में होंगे। वहीं महोत्सव के तीसरे दिन 17 फरवरी को प्रात: 10 बजे स्वस्थ्य एवं सुन्दर शिशुु प्रतियोगिता प्रभारी संतोष सोलंकी, एकल नृत्य सीनियर प्रतियोगिता दोपहर 12 बजे दयावती चारण, एकल गायन सीनियर दोपहर 2.30 बजे विक्रमपुरी व साफा बांधो प्रतियोगिता नरपत आर्य के निर्देशन में होगी।

 

खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

जालोर महोत्सव के तहत तीन दिन तक स्टेडियम ग्राउण्ड में पारम्परिक खेलकूद प्रतियोगिता आयोजित होगी। जिसमें तीन दिन लगातार प्रात: 10 बजे से शाम 5 बजे वालीबॉल, कबड्डी, संतोलिया सभी ग्रुप की प्रतियेागिता एवं प्रात: 11 बजे से शाम 3 बजे तक रस्सा कस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

दीपदान से होगा आगाज, शोभायात्रा में जीवंत होगी संस्कृति

जालोर महोत्सव का आगाज 14 फरवरी शाम को सुन्देलाव तालाब पर दीपदान के साथ होगा। जालोर महोत्सव समिति के समन्वयक मानवेन्द्रसिंह राजपुरोहित ने बताया कि जालोर महोत्सव का आगाज 14 फरवरी को दीपदान के साथ होगा। वहीं 15 फरवरी को प्रात: सर्वधर्म प्रार्थना सुन्देलाव तालाब पर व भव्य शोभायात्रा हनुमानशाला स्कूल से निकाली जाएगी। शोभायात्रा प्रभारी सुरेश सोलंकी ने बताया कि प्रात: हनुमानशाला स्कूल से रवाना होकर स्टेडियम ग्राउण्ड पहुंच भव्य कार्यक्रम में तब्दील होगी। शोभायात्रा में ऊंट, हाथी, रथ बैंडबाजे, राजस्थानी गेर नृतक दल के साथ संत महात्माओं का सान्निध्य रहेगा। वही शोभायात्रा में पारम्परिक वेशभूषा में लोगों की उपस्थित हमारी संस्कृति का आभास कराएगी। समन्वयक राजपुरोहित ने बताया कि शोभायात्रा के स्टेडियम ग्राउण्ड पहुंचने पर अतिथियों की ओर से जालोर महोत्सव का आगाज पताका लहरा कर किया जाएगा। वहीं 16 फरवरी को रन फोर जालोर मे युवा दौड़ लगाएंगे। वहीं 16 फरवरी शाम को प्रसिद्ध भजन गायक अनूप जलोटा की ओर से भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। जबकि 17 फरवरी को नटराज मंच पर कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। जालोर महोत्सव में तीन दिन तक मेला जैसा माहौल नजर आएगा। वहीं व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं जालोर विकास समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Page generated in 1.022 seconds. Stats plugin by www.blog.ca