तिलोड़ा में निकली गौ भक्तों की पद रैली

दिनेश जांगिड़ @ मेंगलवा


निकटवर्ती तिलोड़ा में वाड़ीनाथ युवा सेवा समिति के तत्वावधान में सोमवार को गौ भक्तों की पद रैली का आयोजन किया गया। रैली सुबह नौ बजे वाड़ीनाथ महादेव गौशाला से महंत शीतलाईनाथ महाराज, दादाल महंत विजयानंद महाराज के सान्निध्य में रवाना हुई। रैली के दौरान हजारों की तादाद में जन सैलाब उमड़ा। भीड़ इतनी ज्यादा हो गई कि दूर-दूर तक लोग ही लोग नजर आ रहे थे। रैली गौशाला से रवाना होकर आदर्श तालाब, पुराना बस स्टैण्ड होते हुए महादेव मंदिर पहुंची। मंदिर परिक्रमा करने के बाद रैली भील काॅलोनी, आम चौहटा, जैन गली, चामुण्डा माता मंदिर होते हुए पुनः गौशाला पहुंची। इस दौरान भगवा वस्त्र पहने गौ भक्तों ने गौ माता व भारत माता के जयकारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।रैली में डीजे, नासिक ढोल व गाजे बाजों से माहौल देखते ही बन रहा था। इस दौरान भक्ति रस में सराबोर लोग जमकर नाचे। आसमान में हर तरफ गुलाल उड़ता नजर आ रहा था। रैली का गौशाला पहुंचने के बाद रैली का विसर्जन हुआ। बाद में धर्म सभा का आयोजन हुआ। जिसमें महंत शीतलाईनाथ महाराज ने कहा कि मनुष्य को जीवन में गौ माता की सेवा का लाभ अवश्य लेना चाहिए।अपनी कमाई का दसवां हिस्सा गौ सेवा में लगाना चाहिए।उन्होंने धर्म के सात स्तम्भों को विस्तारपूर्वक समझाया।साथ ही गांव के युवाओं की ओर से गौ माता के लिए किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की तथा सभी लोगों को पुण्य के कामों में आगे रहने की सलाह दी। वहीं चढ़ावे की बोलियां बोली गई। जिसमें ग्रामवासियों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।

आम सभा कल

तिलोड़ा के वाड़ीनाथ महादेव गौ शाला में मंगलवार को ग्रामवासियों की ओर से आम सभा का आयोजन होगा।जिसमें साधु महात्माओं सहित आसपास के गांवों के लोग मौजूद रहेंगे। इस दौरान वाड़ीनाथ युवा सेवा समिति के कार्यकर्ताओं व भामाशाहों का बहुमान किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Page generated in 0.710 seconds. Stats plugin by www.blog.ca