राज्य सरकार ने विकास की इबारत लिखी : युनूस खान

जालोर @ अर्थ न्यूज नेटवर्क


सार्वजनिक निर्माण एवं परिवहन मंत्री युनूस खान ने कहा कि राज्य सरकार ने गत तीन वर्षों के दौरान राज्य में सडक कार्यों के कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वहीं चिकित्सा, शिक्षा, जल एवं परिवहन सहित विभिन्न विभागों के माध्यम से जन कल्याणकारी कार्यों में विकास की इबारत लिखी है। आने वाले दो वर्षों के दौरान भी यह प्रक्रिया सतत रूप से जारी रहेगी। जिसमें किसी भी स्तर पर धन की कमी नही आएगी। वे गुरुवार को सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर जिला मुख्यालय पर आयोजित जनसभा को बतौर मुख्य अतिथि के नाते सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में राज्य में सड़कों का जाल बिछाया गया है। वही पुरानी व टूटी सड़कों का मरम्मत कार्य चल रहा है। जिसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। राजस्थान देश में बेहतर व सुविधाजनक सड़कों के मामले में प्रथम स्थान पर है। राज्य में प्रतिदिन 16 किलोमीटर नई सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। जालोर जिले में शहरी क्षेत्रों में ढाई-ढाई लाख की राशि के गौरव पथों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सांचौर क्षेत्र में 48 सर्वाधिक नई सड़कों का निर्माण किया जाएगा। वहीं रानीवाड़ा क्षेत्र में 27, भीनमाल में 21 तथा जालोर क्षेत्र में 13 नई सड़कों को स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि बालोतरा-जालोर-सांडेराव राष्ट्रीय मार्ग के लिए 506 करोड की राशि केन्द्र सरकार की ओर से स्वीकृत की गई है। इससे बाड़मेर, जालोर व पाली क्षेत्र में आवागमन की बेहतर सुविधाएं मिलेगी।

 
विकास में कीर्तिमान स्थापित किए : देवजी पटेल
जालोर-सिरोही सांसद देवजी पटेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं राज्य की मुख्यमंत्री श्रीमती वसुन्धरा राजे के नेतृत्व में चिकित्सा, पानी, उर्जा एवं सड़क आदि के मामलों सहित अनेक मामलों में विकास के कीर्तिमान स्थापित किए हैं। वहीं जालोर में वीर वीरमदेव के नाम से महाविद्यालय का नामकरण किया। जालोर में केन्द्रीय विद्यालय प्रारम्भ करने के अतिरिक्त शिक्षा के क्षेत्र में भी विद्यालयों को क्रमोन्नत किया है। राजश्री योजना एवं सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ उठाते हुए बेटियों को आगे बढ़ाने की आह्वान किया।

 
नदियों को जोडऩे का कार्य शुरू किया : विश्नोई
संसदीय सचिव लादुराम विश्नोई ने कहा कि सरकार ने लूणी, सुकड़ी व जवाई तीनों नदियों को जोडऩे का महत्वाकांक्षी कार्य प्रारम्भ किया। क्षेत्र में विद्युत की कमी भी अब नहीं आने दी जाएगी।
दिव्यांगों के कल्याण को कृतसंकल्पित : धन्नाराम
विशेष योग्यजन आयुक्त धन्नाराम पुरोहित ने कहा कि राज्य में दिव्यागों के कल्याण के लिए राज्य सरकार एवं आयोग कृंतसंकल्पित है। विशेष योग्यजनों को सुविधाएं एवं सामग्री प्रदान की जाएंगी।
जल स्वावलम्बन अभ्यिान राज्य में सफल : शंकरसिंह
आहोर विधायक शंकरसिंह राजपुरोहित ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान राज्य में सफल रहा है। इसे केन्द्र सरकार ने भी स्वीकारा है। उन्होंने क्षेत्र में नर्मदा नहर का पानी शीघ्र ही उपलब्ध करवाए जाने की आवश्यकता जताई।
मुख्यमंत्री का सपना, किसानों की खुशहाली : देवल
रानीवाड़ा विधायक नारायणसिंह देवल ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना किसानों की खुशहाली है। भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्तियों को चिकित्सा जांच व ऑपरेशन आदि के लिए 30 हजार से लेकर 3 लाख रुपए की राशि व्यय की जाती है।
इन्होंने भी किया सम्बोधित
भीनमाल विधायक पूराराम चौधरी ने भीनमाल में खजुरिया नाले को शीघ्र ही स्वीकृत करने की आवश्यकता जताई। जिला प्रमुख डा. वन्नेसिंह गोहिल ने जिले में गत तीन वर्षो के दौरान पंचायतराज एवं जिला ग्रामीण प्रकोष्ठ की ओर से करवाए गए विकास कार्यों के सम्बन्ध में विस्तार से बताया। पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने सुराज संकल्प यात्रा की चर्चा करते हुए कहा कि 75 प्रतिशत से अधिक वादे पूरे किए जा चुके हैं। शेष भी शीघ्र ही पूर्ण कर लिए जाएंगे। पूर्व मंत्री जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि गत तीन वर्ष के दौरान किए गए विकास कार्यों को गांव–ढाणी पहुंचाना होगा। उन्होंने भवातड़ा में सूखा बन्दरगाह की प्रगति पर स्थानीय संासद एवं जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। जनसभा में पूर्व विधायक जीवाराम चौधरी एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष रामकुमार भूतड़ा ने भी विचार व्यक्त किए। समारोह के प्रारम्भ में जिलाध्यक्ष रविन्द्रसिंह बालावत ने सभी का स्वागत किया।
रिमोट से सड़क कार्यों का शिलान्यास
जनसभा में सार्वजनिक निर्माण मंत्री ने 35 अति क्षतिग्रस्त सड़कों के पेचवर्क के लिए 20.80 करोड़ रुपए एवं 50 ग्रामीण गौरव पथ (द्वितीय चरण) के लिए 34.80 करोड़ की राशि से बनने वाली सड़कों का रिमोट से शिलान्यास किया। समारोह में भामाशाह कार्ड, पेंशन पीपीओ एवं श्रमिक कार्ड भी प्रतीक के तौर पर प्रदान किए गए। वहीं जिला प्रशासन की ओर से जिले में तीन वर्ष के दौरान हुए विकास कार्यों की जिला स्तरीय पुस्तिका एवं जालोर एक दृष्टि फोल्डर का भी लोकार्पण किया।
यह भी रहे मौजूद
समारोह में जिला कलेक्टर अनिल गुप्ता, पुलिस अधीक्षक कल्याणमल मीना, प्रधान सुश्री संतोष, जबरसिंह तूरा, धुखाराम पुरोहित, सुश्री पिंकी कुमारी, टाबाराम, हनुमानप्रसाद भादू, जालोर नगर परिषद सभापति भंवरलाल माली व भाजयुमो जिलाध्यक्ष हिंगलाजदान चारण सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा प्रबुद्व नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी का किया उद्घाटन
सार्वजनिक निर्माण एवं परिवहन मंत्री युनूस खान ने राज्य सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने पर स्टेडियम मैदान में ‘अच्छा काम-ठोस परिणाम’ शीर्षक से लगाई गई जिला स्तरीय प्रर्दशनी का विधिवत शुभारम्भ किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Page generated in 1.284 seconds. Stats plugin by www.blog.ca