मेघालय में उग्रवादियों ने अगवा किए असम के नौ व्यापारी
शिलांग. पश्चिमी मेघालय के पांच जिलों में अलग गारोलैंड के निर्माण की मांग कर रहे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन गारो नेशनल लिबरेशन आर्मी (जीएनएलए) के उग्रवादियों ने गुरुवार को मेघालय के गारो हिल्स क्षेत्र में नौ व्यापारियों का अपहरण कर लिया। ये व्यापारी असम के बताए जा रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक असम के मानकचार (असम) निवासी ये व्यापारी साउथ गारो हिल्स के सिल्कीग्रे साप्ताहिक बाजार जा रहे थे। इस दौरान उग्रवादियों ने इनके वाहनों को घेर लिया। इस दौरान उग्रवादियों ने बंदूक की नोक पर इन्हें अगवा कर लिया। एसपी आनंद मिश्रा ने बताया कि व्यापारियों को उग्रवादियों के कब्जे से मुक्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद है जल्द ही सफलता मिलेगी। पुलिस के मुताबिक व्यापारियों के अगवा करने के दौरान उग्रवादियों ने वाहन चालक को छोड़ दिया था। वहीं व्यापारियों को उग्रवादी सोंगोटाग्रे के जंगलों में ले गए थे। उग्रवादियों के कब्जे से व्यापारियों को रिहा करवाने के लिए मेघालय के स्वात कमांडो दस्ते को लगाया गया है।