Arthnews

राजस्थान की इस 14 साल की लड़की ने समंदर में 48 किमी तैरकर बनाया अनोखा रिकॉर्ड

अर्थन्यूज नेटवर्क. मुंबई

राजस्थान की महज 14 साल की एक लड़की ने मंगलवार को मुंबई के समंदर में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया है। राजस्थान के उदयपूर की रहने वाली गौरवी संघवी ने मुंबई के जुहू किनारे से गेटवे ऑफ इंडिया तक का समंदर तैर कर पार किया। दोनों जगहों के बीच की दूरी 48 किमी है। गौरवी ने इतनी लंबी दूरी को मात्र लगभग आठ घंटे में पार किया।

ऐसा गौरव पाने वाली गौरवी पहली लड़की

गौरवी ने सुबह तीन बजे जुहू समुंदर किनारे से तैरना शुरू किया था। ऐसा नहीं है कि गौरवी ने पहली बार ये कारनामा किया है। इससे पहले उन्होंने मुंबई में गवर्नर हाऊस से गेटवे ऑफ इंडिया तक 16 किमी और बांद्रा-वर्ली सीलिंक से गेटवे ऑफ इंडिया तक 36 किमी तैरकर पार किया था। ऐसा करने वाली गौरवी पहली लड़की है।

हाई टाइड के बावजूद पूरा किया

समंदर में हाई टाइड के बावजूद गौरवी ने इस चैलेंज को पूरा किया। इस दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दो बोट और लाईफ गार्ड गौरवी की सुरक्षा के लिए रखे गए थे। गौरवी के इस प्रदर्शन से उनका परिवार बेहद खुश है। अपनी बेटी की हौसला अफजाई के लिए उनके माता पिता भी जुहू किनारे पर मौजूद थे।