अब जवाई बांध का गेज कंट्रोल रखने की कवायद, जानिए कितनी होगी निकासी…
जालोर @ अर्थ न्यूज नेटवर्क
सेई बांध से पानी की लगातार आवक के बीच गत दिनों जवाई बांध के जल ग्रहण क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के बाद बांध का गेज 60.40 फीट तक पहुंच गया था। इसके बाद एक साथ 80 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। इससे जालोर के कई गांवों में बाढ़ के हालात बनने के साथ ही सरकारी व निजी सम्पत्ति को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद बाद जल संसाधन विभाग को मुख्यालय से बांध का गेज कंट्रोल रखने के निर्देश दिए हैं। बहरहाल, बांध का गेज 58.50 फीट पर रखा जा रहा है। इसके अतिरिक्त आने वाले पानी की निकासी की जा रही है। बुधवार को एक गेट एक फीट व दूसरा गेट दो फीट खुला रखा गया है। हालांकि यह स्थायी व्यवस्था नहीं है और विभाग इसमें कभी बदलाव कर सकता है।
अब यह है स्थिति
गौरतलब है कि शुक्रवार रात बांध का गेज 60.40 फीट होने पर ग्यारह गेट खोलकर 80 हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई थी। रात को ही गेज कंट्रोल होने पर पानी की निकासी में कमी की गई। शनिवार सुबह सात बजे तक बांध का गेज 59 फीट होते ही तीन गेट दो-दो फीट खुले रखे गए। इसके बाद रात दस बजे तीनों गेट तीन-तीन फीट करके 10213 क्यूसेक पानी की निकासी की जाने लगी। ग्यारह बजे तक चार गेट खोलकर 14423 क्यूसेक पानी की निकासी की गई। वहीं बारह बजे पांच गेट खोलकर 18333 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई। इसके बाद दोपहर तीन बजे छह गेट खोलकर 22843 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू की गई। इसके बाद लगातार पानी की निकासी में कमी जा रही। मंगलवार सुबह तक दो गेट एक-एक फीट खोलकर 1758 क्सूसेक पानी की निकासी जाने लगी, लेकिन मंगलवार सुबह ग्यारह बजे बांध का गेज 58.70 फीट होते ही दोनों गेट दो-दो फीट खोल गए। बुधवार सुबह आठ बजे तक गेज 58.50 फीट होते ही एक गेट एक फीट व दूसरा गेट दो फीट खोलकर 2603 क्यूसेक पानी की निकासी की जा रही है।
कब तक रहेगी यह स्थिति
दरअसल, बांध का गेज नियंत्रित करने के लिए जल संसाधन विभाग ने कोई गाइड लाइन तैयार नहीं कर रखी है। विभाग का उद्देश्य बांध के पानी को ज्यादा से ज्यादा पाली में पेयजल तथा नहरी क्षेत्र में सिंचाई के लिए देने का रहता है। लेकिन इस बाद अचानक अतिवृष्टि के कारण बांध में पानी की अति आवक के कारण एक साथ ज्यादा पानी की निकासी की गई। मानसून की अनिश्चितता एवं बाढ़ के हालात में किसी भी नुकसान से बचने के लिए फिलहाल, विभाग ने बांध का गेज 58.50 फीट रखने का निर्णय किया है। ऐसे में सेई बांध से होने वाली पानी की आवक की नदी में लगातार निकासी जारी रहेगी। हालांकि यह स्थायी व्यवस्था नहीं है।